हेडलाइन:
मधेपुरा के बथान परसा स्कूल भवन निर्माण पर उठे सवाल: ग्रामीणों ने लगाया घटिया सामग्री और अनियमितता का आरोप
खबर:
शंकरपुर: प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय बथान परसा के नव निर्मित भवन के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय परिसर में लगाई गई कई टाइल्स पहले से ही टूट चुकी हैं। वहीं निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही बालू की गुणवत्ता भी खराब बताई जा रही है। इसके अलावा भवन के कुछ हिस्सों में प्लास्टर का काम भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य में लापरवाही साफ दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि भवन की छत में पहले भी दरार आ चुकी है। इसको लेकर विभिन्न अखबारों में खबरें भी प्रकाशित हुई थीं, लेकिन विभागीय कर्मियों द्वारा मामले को दबाने की कोशिश की गई।
इस संबंध में बथान परसा पैक्स अध्यक्ष विजय कुमार राय ने कहा कि विद्यालय भवन बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि निर्माण कार्य में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं अनवारुल हक ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शिकायतें गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि कार्य स्थल पर अभी तक प्राक्कलन का शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया है, जो विभागीय मानकों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इधर विद्यालय के प्लस टू प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने बताया कि उनके योगदान लेने से पहले ही भवन निर्माण का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान घटिया सामग्री के उपयोग को देखते हुए उन्होंने इसकी जानकारी प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों और ग्रामीणों को दी थी।