हेडलाइन:
सहरसा में डेमू ट्रेन पर पत्थरबाजी: इंजन का शीशा टूटा, लोको पायलट घायल; एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन
खबर:
सहरसा: सहरसा-पूर्णिया कोर्ट डेमू ट्रेन पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थरबाजी कर दी, जिसमें लोको पायलट घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा। घायल लोको पायलट का पास के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में दूसरे लोको पायलट के पहुंचने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। मामले की जांच रेल थाना पुलिस कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 75262 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट डेमू ट्रेन सोमवार की मध्यरात्रि करीब 2:05 बजे सहरसा जंक्शन से खुली थी। लोको पायलट प्रदीप कुमार ट्रेन लेकर रवाना हुए। सहरसा यार्ड से निकलने के बाद पॉलिटेक्निक ढाला के पास अचानक अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पत्थर लगने से इंजन का शीशा टूट गया और कांच का टुकड़ा लगने से लोको पायलट प्रदीप कुमार घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन को तुरंत वहीं रोक दिया गया और घायल लोको पायलट को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जंक्शन से दूसरे लोको पायलट को भेजा गया, जिसके बाद करीब 60 मिनट तक रुकी ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
ट्रेन में तैनात थी एस्कॉर्ट पार्टी
बताया जा रहा है कि ट्रेन में जीआरपी की एस्कॉर्ट पार्टी भी तैनात थी। ट्रेन रुकते ही एस्कॉर्ट टीम मौके पर पहुंची और टॉर्च की रोशनी में आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई भी संदिग्ध दिखाई नहीं दिया।
पॉलिटेक्निक रेलवे फाटक के केबिन कर्मियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने अंधेरे के कारण कुछ भी देखने से इनकार किया। फिलहाल रेल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।