Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:वैशाली एक्सप्रेस से 4 किलो से अधिक गांजा बरामद, सहरसा में RPF-GRP की कार्रवाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 16, 2026

SAHARSA:वैशाली एक्सप्रेस से 4 किलो से अधिक गांजा बरामद, सहरसा में RPF-GRP की कार्रवाई

हेडलाइन:
वैशाली एक्सप्रेस से 4 किलो से अधिक गांजा बरामद, सहरसा में RPF-GRP की कार्रवाई

सहरसा। ललितग्राम से नई दिल्ली जा रही 15565 ललितग्राम–नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 4 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बरामद गांजा एक लावारिस बैग से मिला, जिसे सामान्य कोच की सीट के नीचे संदिग्ध अवस्था में रखा गया था।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को वैशाली एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर ललितग्राम से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सुपौल पहुंचने से पहले ट्रेन के सामान्य कोच में तैनात आरपीएफ स्कॉर्ट पार्टी गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीट के नीचे एक संदिग्ध लावारिस बैग दिखा। जब यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की गई तो किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया।

इसके बाद स्कॉर्ट पार्टी ने मामले की सूचना सहरसा आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव और रेलवे सुरक्षा बल के एनडीओ संतोष कुमार सुमन को दी। ट्रेन के सहरसा स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहले से मौजूद थी। स्टेशन अधीक्षक की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा भरा हुआ मिला। वजन करने पर कुल 4 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

इस संबंध में जिला प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है। जीआरपी के अवर निरीक्षक राजेश कुमार और उनकी टीम ने गांजा जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नेपाल से दिल्ली-पंजाब तक होती है तस्करी
रेल सूत्रों के अनुसार ललितग्राम नेपाल सीमा के पास स्थित इलाका है। नेपाल से चोरी-छिपे रास्तों के जरिए गांजा ललितग्राम तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद तस्कर विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से इसे दिल्ली और पंजाब तक पहुंचाते हैं। बताया जाता है कि पंजाब में गांजा लाखों रुपये के भाव में बिकता है, इसलिए तस्कर अक्सर वैशाली एक्सप्रेस को निशाना बनाते हैं। पिछले महीने भी इसी ट्रेन से करीब 45 किलो गांजा बरामद किया गया था।

कई ट्रेनें रहीं विलंब
इधर सोमवार को मानसी से सहरसा आने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 12204 अमृतसर–सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस करीब 4 घंटे विलंब से सहरसा पहुंची। इसके कारण 12203 सहरसा–अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस भी 2 घंटे 20 मिनट देरी से रवाना हुई। वहीं 15284 जयनगर–मनिहारी जानकी एक्सप्रेस 40 मिनट और 63350 समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर ट्रेन करीब 3 घंटे विलंब से पहुंची।