हेडलाइन:
सहरसा में हवाई अड्डा परिसर से युवक गिरफ्तार, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
सहरसा:
सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार बाईपास रोड स्थित हवाई अड्डा परिसर से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच अभियान शुरू किया। टीम में सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा सदर अस्पताल स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी गुंजन कुमार भी शामिल थे।
जांच के दौरान बेंगहा बाईपास रोड निवासी अनिल ठाकुर के पुत्र लक्ष्मण ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। युवक नया बाजार बाईपास रोड स्थित हवाई अड्डा परिसर में अपनी कमर में एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस लेकर घूम रहा था।
पुलिस ने उसे रंगे हाथों हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया और बरामद पिस्टल व कारतूस के साथ सदर थाना ले आई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।