Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में सनसनी: घर में घुसकर महिला की हत्या, पति छत से कूदकर बचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 21, 2026

SAHARSA:सहरसा में सनसनी: घर में घुसकर महिला की हत्या, पति छत से कूदकर बचा

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत अंतर्गत ओरेली भलेवा वार्ड संख्या 7 में देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर 25 साल की विवाहिता रौशनी कुमारी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत के साथ मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश में देर रात करीब एक बजे घर में सो रहे दंपती पर बदमाशों ने हमला कर दिया।

पति ने भागकर बचाई अपनी जान
मृतका के पति बिहारी ने बताया कि बदमाश की आहट मिलने पर जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि दर्जनों की संख्या में बदमाश घर की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद उसने शोर मचाते हुए छत के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई।

इधर घर में सो रही रौशनी कुमारी को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए गले में चाकू गोद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर बाहर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
इस संबंध में सीडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि इसी माह दो तारीख को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसको लेकर सलखुआ थाना में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उस मामले के आरोपी फिलहाल फरार चल रहे थे। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।