शेखपुरा में कार से 41 बोतल विदेशी शराब और 2.33 लाख रुपए बरामद, यूपी-बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार
शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली सफलता, झारखंड नंबर की कार भी जब्त; उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए थी शराब
शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 41 बोतल विदेशी शराब और 2 लाख 33 हजार 90 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही झारखंड नंबर की कार भी जब्त कर ली गई है।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि एएसआई गगन पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम नियमित गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बरबीघा की ओर से वारिसलीगंज जा रही एक तेज रफ्तार कार को संदेह के आधार पर रोका गया।
कार की तलाशी लेने पर बोनट के पीछे छिपाकर रखी गई 41 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा कार से 2 लाख 33 हजार 90 रुपए नकद भी मिले।
उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए थी शराब
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की बोतलों पर उत्तर प्रदेश में बिक्री किए जाने का उल्लेख था। पुलिस ने शराब को उच्च गुणवत्ता की विदेशी शराब बताया है। प्रारंभिक जांच में शराब की तस्करी से जुड़े मामले की जांच की जा रही है।
यूपी और बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के आर्गपुर गांव निवासी अशोक सिंह और नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के डीहरी गांव निवासी विजेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
अशोक सिंह, राम शंकर सिंह के पुत्र हैं, जबकि विजेंद्र कुमार, राज किशोर सिंह के पुत्र बताए गए हैं।
मामला दर्ज कर दोनों को भेजा गया जेल
पुलिस ने शराब, नकदी और कार जब्त कर स्थानीय थाने में मामला दर्ज किया है। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। जब्ती सूची और गिरफ्तारी से संबंधित दस्तावेज तैयार कर उनकी प्रतियां आरोपियों को दी गईं। साथ ही उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को शेखपुरा जेल भेज दिया गया।
Kosi Live की रिपोर्ट