सड़क के बीच बना दिया बांस का घर, CM ग्राम सड़क योजना का काम ठप; जांच के लिए अमीन भेजेगा प्रशासन
सहरसा जिले के सोनवर्षा अंचल क्षेत्र में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दुअनिया से विराटपुर जाने वाली मुख्य सड़क के बीचों-बीच एक परिवार ने बांस का कच्चा घर बना दिया है। इसके कारण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक महीने से रुका हुआ है और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामला परोकिया गांव का है, जहां गांव निवासी बिलो सादा ने सड़क के बीच में ही बांस और फूस से कच्चा घर बना लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर के दोनों ओर रास्ता खुला छोड़ दिया है, जिससे छोटे वाहन किसी तरह घर के अंदर से होकर गुजर रहे हैं। लेकिन बड़े वाहनों और निर्माण कार्य में लगी मशीनों के लिए रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य लगभग एक महीने से ठप पड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क इलाके के कई गांवों को जोड़ती है और इसके निर्माण रुकने से रोजाना आवागमन में दिक्कत हो रही है।
वहीं बिलो सादा का कहना है कि जिस जगह पर उन्होंने घर बनाया है, वह उनकी निजी जमीन है। उनका दावा है कि सड़क की वास्तविक जमीन उनके घर के पश्चिम दिशा में है, लेकिन उस जमीन पर गांव के ही ठेकन यादव ने मिट्टी भरकर कब्जा कर लिया है। बिलो सादा को आशंका है कि यदि उनकी जमीन पर सड़क बना दी गई तो उन्हें अपनी जमीन से हाथ धोना पड़ सकता है।
इधर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि हशिरउद्दीन ने बताया कि बिलो सादा को कई बार जमीन की मापी कराने के लिए कहा गया है, लेकिन वह अपनी बात पर अड़े हुए हैं और अब तक मापी के लिए तैयार नहीं हुए हैं।
इस मामले में सोनवर्षा के अंचल अधिकारी (सीओ) जितेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्हें अभी तक इस मामले की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि अब अमीन को भेजकर जमीन की मापी कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।