Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:बर्तन दुकान चोरी का खुलासा, जमीन में गाड़े गए सामान बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 19, 2026

SAHARSA:बर्तन दुकान चोरी का खुलासा, जमीन में गाड़े गए सामान बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

हेडलाइन:
सहरसा में बर्तन दुकान चोरी का खुलासा, जमीन में गाड़े गए सामान बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

सहरसा। जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में बर्तन दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके घर के पास जमीन में छिपाकर रखे गए चोरी के बर्तन बरामद किए हैं। मामले की पुष्टि गुरुवार शाम सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने की।

जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को समदा चौक स्थित मो. जुबैर की बर्तन दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए समदा वार्ड संख्या-13 निवासी अमरजीत पासवान (पिता- विको पासवान) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के समीप जमीन खोदकर चोरी के बर्तन बरामद किए। बरामद सामानों में कांसा के बदना, लोटा, थाली और कठौती, पीतल के बाल्टी, प्लेट, गिलास, दीप और घंटी, स्टील के टिफिन, बाल्टी, थाली, चम्मच व गिलास के अलावा एल्युमिनियम के बर्तन शामिल हैं। इसके साथ ही एक गैस सिलेंडर और चूल्हा भी जब्त किया गया है। बरामद सामानों की संख्या दर्जनों में बताई जा रही है।

इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, सौरबाजार थानाध्यक्ष खालिद हयात, अपर थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती, पुअनि मनीष कुमार, चौकीदार अनमोल कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में सौरबाजार थाना कांड संख्या 71/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में संतोष का माहौल है।