बैजनाथपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 83.16 लीटर विदेशी शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
सहरसा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बैजनाथपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.16 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधेपुरा से एक स्कॉर्पियो में तहखाना बनाकर शराब की खेप बैजनाथपुर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बैजनाथपुर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने एनएच-107 मधेपुरा-सहरसा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान मधेपुरा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने से विभिन्न ब्रांड की 83.16 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से अजय कुमार चौधरी (पिता- चन्द्रशेखर चौधरी, निवासी बटराहा वार्ड संख्या 35/36) और फलो शर्मा (पिता- ढोराय शर्मा, निवासी कोरलाही वार्ड संख्या 41), थाना व जिला सहरसा को गिरफ्तार किया।
इस मामले में बैजनाथपुर थाना कांड संख्या-437/2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए)/4 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित रंजन के नेतृत्व में बैजनाथपुर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।