हेडलाइन:
सहरसा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, एक साल पहले हुई थी शादी
खबर:
सहरसा: जिले में सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बनगांव थाना क्षेत्र के पड़री नंबर-7 निवासी भगवानजी राम के पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार रविवार देर शाम गांव में आयोजित एक भोज कार्यक्रम से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णा कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
परिजनों के अनुसार यह दुर्घटना 8 मार्च की देर शाम हुई थी। इलाज के दौरान मंगलवार को कृष्णा कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कृष्णा की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बनगांव थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।