खबर:
सहरसा सदर अस्पताल में गुरुवार को मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान शुक्रवार को हो गई। मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव निवासी 36 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह राजू कुमार की पत्नी थीं। प्रियंका का एक मकान सहरसा नगर निगम क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी के पास भी है, जबकि उनका मायका बटराहा वार्ड नंबर 37 में स्थित है।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका दो बहनों में सबसे बड़ी थीं और उनकी शादी वर्ष 2008 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जो क्रमशः 10वीं और 9वीं कक्षा में पढ़ते हैं। उनके पति मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
मृतका की मां संगीता देवी ने बताया कि बुधवार रात को प्रियंका से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने किसी बीमारी या डॉक्टर के पास जाने की बात नहीं कही थी। वहीं, ससुर शिव पूजन राय ने बताया कि प्रियंका अपने दोनों बेटों के साथ सहरसा स्थित घर में रहती थीं।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर सदर अस्पताल में मिले लावारिस शव की तस्वीर वायरल होने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शिव पूजन राय ने शव की पहचान प्रियंका के रूप में की।
प्रियंका के बड़े बेटे सत्यम ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनकी मां गैस का केवाईसी कराने घर से निकली थीं। सुबह 10:30 बजे उन्होंने फोन कर जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। देर शाम तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिजन चिंतित हो गए।
सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में दो युवक प्रियंका को अस्पताल लाते हुए नजर आए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों ने इस मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।