हेडलाइन:
आरा में झाड़ियों में फेंका गया नवजात: महिला दारोगा सोनी कुमारी ने बचाई जान, अस्पताल में चल रहा इलाज
खबर:
आरा: भोजपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने नवजात बच्चे को जन्म देने के बाद झाड़ियों में फेंक दिया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और महिला दारोगा सोनी कुमारी की तत्परता से मासूम की जान बच गई। घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र की है।
आरा-बक्सर फोरलेन किनारे झाड़ी से मिला मासूम
मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि आरा-बक्सर फोरलेन पर छोटकी सासाराम स्थित एक निजी रेस्टोरेंट के पास झाड़ी में कपड़े में लिपटा एक नवजात बच्चा पड़ा है। सूचना मिलते ही महिला दारोगा सोनी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद नवजात को तुरंत सदर अस्पताल, आरा पहुंचाया गया, जहां नवजात शिशु इकाई में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, बाल संरक्षण इकाई को दी सूचना
बताया जा रहा है कि किसी राहगीर की नजर बच्चे पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय ग्रामीण की सतर्कता से मासूम की जान बच सकी।
गजराजगंज ओपी प्रभारी चंचल महथा ने बताया कि बच्चे के परिजनों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मामले की जानकारी बाल संरक्षण इकाई को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मासूम की जान बचाने में पुलिस और महिला दारोगा की तत्परता की इलाके में काफी सराहना हो रही है।