हेडलाइन:
सहरसा में सड़क हादसे में छात्र की मौत: विधायक आईपी गुप्ता ने परिजनों से मिलकर दिलाया हरसंभव मदद का भरोसा
खबर:
सहरसा के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौर पूर्वी पंचायत के हनुमान नगर में सड़क दुर्घटना में मृत 14 वर्षीय छात्र मोहम्मद अरमान के परिजनों से सहरसा विधायक एवं इंडियन इनक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मोहम्मद समशेर के पुत्र अरमान, जो नौवीं कक्षा का छात्र था, की बीते गुरुवार को परीक्षा देने जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विधायक आईपी गुप्ता ने मौके पर ही सौर बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारी से फोन पर बात कर दोषी ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की भी बात कही।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने बताया कि अरमान के पिता दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बड़े अरमान से बेटे को पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाने का सपना देखा था, लेकिन इस हादसे ने उनके सारे सपने तोड़ दिए।
इस मौके पर राजद नेता रंजीत यादव, शंभू यादव, पूर्व मुखिया अवधेश कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश यादव, मोहम्मद इस्लाम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।