Kosi Live-कोशी लाइव होली पर सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹25 हजार का इनामी कुख्यात सुमन साह उर्फ बंजरंगी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 4, 2026

होली पर सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹25 हजार का इनामी कुख्यात सुमन साह उर्फ बंजरंगी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद

होली पर सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹25 हजार का इनामी कुख्यात सुमन साह उर्फ बंजरंगी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद


सहरसा: होली के रंगों के बीच सहरसा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत ₹25 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी सुमन साह उर्फ बंजरंगी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

होली पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने कहरा कुट्टी वार्ड संख्या-11 स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सुमन साह उर्फ बंजरंगी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 231/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि होली के दिन हुई यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके और अपराधियों पर सख्ती से नकेल कसी जा सके।