हेडलाइन:
रामनवमी-चैती दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन सख्त: 142 दंडाधिकारी-पुलिस पदाधिकारी तैनात, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
खबर:
25.03.26 को स्थानीय प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक हिमांशु के नेतृत्व में रामनवमी पर्व एवं चैती दुर्गापूजा 2026 के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में सामने आया कि रामनवमी एवं चैती पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सदर अनुमंडल के चिन्हित स्थलों पर कुल 98 दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी तथा सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में 44 दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष 26.03.26 से 28.03.26 तक लगातार कार्यशील रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है और आपसी सद्भाव बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संयुक्त संबोधन के दौरान सभी संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हिमांशु, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं सिमरी बख्तियारपुर, एसडीपीओ (मुख्यालय) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।