हेडलाइन:
रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट: मुरलीगंज समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च, शांति-सौहार्द की अपील
मुरलीगंज:
रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में ग्वालपाड़ा, किशनगंज, बिहारीगंज एवं मुरलीगंज में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजनों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने रामनवमी शोभायात्रा निकालने वाली समितियों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि पर्व के सफल आयोजन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
वहीं एसपी संदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के उपद्रव, विवाद या अवांछनीय गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी शोभायात्राएं निर्धारित रूट और लाइसेंस के आधार पर ही निकाली जाएंगी, अन्यथा आयोजकों पर कार्रवाई होगी।
एसपी ने बताया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी, ताकि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।