Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:पटना-सहरसा रूट पर रातभर ट्रेन बंद: सांसद ने 11 बजे एक्सप्रेस चलाने की उठाई मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 17, 2026

SAHARSA:पटना-सहरसा रूट पर रातभर ट्रेन बंद: सांसद ने 11 बजे एक्सप्रेस चलाने की उठाई मांग

हेडलाइन:
लोकसभा में गूंजी कोसी की रेल समस्या: सांसद दिनेश चंद्र यादव ने मांगी नई ट्रेनों और परियोजनाओं को तेजी

सहरसा:
सांसद दिनेश चंद्र यादव ने लोकसभा में रेल मंत्रालय के अनुदान मांग 2026-27 पर चर्चा के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र सहित पूरे कोसी इलाके की रेल समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सभापति का आभार व्यक्त करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा किए जा रहे सुधार कार्यों की सराहना की, साथ ही क्षेत्र की जरूरतों की ओर ध्यान आकर्षित कराया।

सांसद ने कहा कि पटना से सहरसा के बीच शाम 5 बजे के बाद से अगले दिन सुबह 7 बजे तक कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं रहती, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रात 11 बजे पटना से सहरसा-मधेपुरा-पूर्णिया कोर्ट तक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग रखी।

उन्होंने मानसी-सहरसा रेलखंड के दोहरीकरण के लिए लंबित डीपीआर को जल्द स्वीकृति देने पर जोर दिया। इसके अलावा लहेरियासराय से सहरसा नई रेल लाइन निर्माण, सिमरी बख्तियारपुर से बिहारीगंज वाया सोनवर्षा राज, आलमनगर नई लाइन की स्वीकृति और सहरसा-भागलपुर वाया नवगछिया रेल परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

सांसद ने बिहारीगंज से पटना के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी दिया, ताकि स्थानीय लोगों को सीधी सुविधा मिल सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मुरलीगंज और कोपरिया स्टेशन के विकास, प्लेटफॉर्म ऊंचा करने और यात्री सुविधाओं के विस्तार की भी मांग की गई।

इसके साथ ही सहरसा से नई दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने, विभिन्न स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, बैजनाथपुर, सुलिंदाबाद सहित अन्य स्थानों पर नए स्टेशन बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने टाटा-कटिहार एक्सप्रेस को सहरसा रूट से चलाने और सहरसा से मुंगेर होते हुए देवघर तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग रखी।

अंत में सांसद ने सहरसा में डीआरएम कार्यालय स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पूरे कोसी क्षेत्र में रेल प्रबंधन और विकास कार्यों में तेजी आएगी।