कल्याणपुर (मोतिहारी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर में मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई।
इस कार्रवाई से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मी भरत ठाकुर, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे, अपने भविष्य निधि (पीएफ) के करीब 20 लाख रुपये की निकासी के लिए प्रयासरत थे।
आरोप है कि प्रधान लिपिक रवि चतुर्वेदी ने इस राशि के भुगतान के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। बार-बार मांग से परेशान होकर भरत ठाकुर ने लगभग एक माह पूर्व निगरानी विभाग, पटना में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार को तय योजना के तहत भरत ठाकुर ने प्रधान लिपिक को 10 हजार रुपये दिए, जिसे लेते ही पहले से मौजूद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस छापामारी अभियान का नेतृत्व निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव कर रहे थे। उनके साथ टीम के छह अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
सेवानिवृत्ति के बाद जीपीएफ व अन्य मद के 20 लाख रुपये की निकासी के लिए प्रधान सहायक ने दो प्रतिशत रिश्वत की मांग की थी। आवेदक की शिकायत के बाद उक्त कार्रवाई करते हुए प्रधान सहायक को गिरफ्तार किया गया। - विकास कुमार सिंह, डीएसपी, निगरानी विभाग, पटना