गढ़िया बहियार में देसी शराब की मिनी फैक्ट्री पर छापा, 10 हजार लीटर चुलाई शराब नष्ट
सौरबाजार। सौरबाजार थाना क्षेत्र के अजगैवा पंचायत स्थित गढ़िया गांव के बहियार में देसी शराब बनाने वाली मिनी फैक्ट्री पर पुलिस ने बड़ी छापेमारी कार्रवाई की है। सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आधा दर्जन शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 10 हजार लीटर देसी चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट किया। साथ ही भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष खालिद हयात, अपर थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती, सत्यप्रकाश कुमार, चंदन कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, गांव से दूर बहियार में वर्षों से कुछ युवा तस्कर पुलिस को चकमा देकर देसी चुलाई शराब का निर्माण और तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने ठिकाने को तो ध्वस्त कर दिया है, लेकिन मुख्य तस्करों तक अब तक नहीं पहुंच पाई है।
मामले में अपर थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि दस हजार लीटर देसी चुलाई शराब और निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को नष्ट किया गया है। तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।