मुरली-मनौरी मार्ग पर दो ट्रैक्टरों की जोरदार टक्कर, नवनिर्माणाधीन सड़क पर मचा अफरा-तफरी
बनमा ईटहरी। मुरली-मनौरी मार्ग पर नवनिर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव कर रहे एक ट्रैक्टर से पीछे से आ रहा दूसरा ट्रैक्टर टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रैक्टर एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व दिशा से सोनालिका ट्रैक्टर सड़क पर पानी का छिड़काव कर रहा था। उसी दौरान मुरली की ओर से आ रही महिंद्रा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे छिड़काव कर रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी।
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि दोनों वाहनों को आंशिक क्षति पहुंची है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर बनमा पुलिस को जानकारी दी गई। जिसके बाद एसआई हसीन अहमद खान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों ट्रैक्टर वहां से हटाए जा चुके थे।