Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:वायरल डांस वीडियो पर DM का बड़ा एक्शन: अस्पताल के प्रभारी डॉ. प्रिंस कुमार सुमन हटाए गए, एएनएम कंचन रानी का भी तबादला वित्तीय प्रभार भी रद्द - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 15, 2026

PURNEA:वायरल डांस वीडियो पर DM का बड़ा एक्शन: अस्पताल के प्रभारी डॉ. प्रिंस कुमार सुमन हटाए गए, एएनएम कंचन रानी का भी तबादला वित्तीय प्रभार भी रद्द

वायरल डांस वीडियो पर बड़ा एक्शन: बनमनखी अस्पताल के प्रभारी डॉ. प्रिंस कुमार सुमन हटाए गए, एएनएम कंचन रानी का भी तबादला

पूर्णिया के बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक का तबादला कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल डांस वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए यह फैसला लिया है। वीडियो में नजर आ रही एएनएम को भी बनमनखी से हटा दिया गया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो होली के दिन का है। वीडियो में डॉ. प्रिंस कुमार सुमन एक कमरे में एएनएम कंचन रानी के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों हाथ में ग्लास लिए गाने ‘पीले पीले ओ मोरे जानी’ पर ठुमके लगाते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि उनके हाथ में मौजूद ग्लास में वाइन थी। वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला चर्चा में आ गया।

विवाद बढ़ने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रिंस कुमार सुमन ने सफाई देते हुए कहा था कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला उनकी साली है और वीडियो को गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।

हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद जिला पदाधिकारी ने जांच के बाद कार्रवाई की। डीएम ने इसे सरकारी कर्मचारियों के आचार नियमों के खिलाफ मानते हुए आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, डॉ. प्रिंस कुमार सुमन को बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हरा कोठी में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बनमनखी अस्पताल में निकासी और व्ययन पदाधिकारी के वित्तीय प्रभार से भी मुक्त कर दिया गया है।

वहीं वीडियो में दिख रही एएनएम कंचन रानी को भी बनमनखी से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, धमदाहा भेज दिया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने डॉ. विजय कुमार को बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल का नया प्रभारी उपाधीक्षक नियुक्त किया है।

डीएम अंशुल कुमार ने सिविल सर्जन को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया है। 🏥📱