हेडलाइन:
सुपौल में तेज रफ्तार बाइक का कहर: 7वीं की छात्रा की मौत, 3 घायल
खबर:
सुपौल में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मौत हो गई। हादसा सदर थाना गेट के पास सुपौल-सहरसा मुख्य सड़क पर हुआ। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार समेत तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृत छात्रा की पहचान सदर थाना क्षेत्र निवासी मो. आजाद की 11 वर्षीय बेटी सजदा परवीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान कैंप टोला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
रेलवे स्टेशन जा रहे थे बाइक सवार
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार लोग अपने एक भाई को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। जब वे सदर थाना गेट के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पार कर रही छात्रा बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार समेत तीन लोग भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
घायलों का इलाज जारी
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। घायल मोटरसाइकिल सवार ने बताया कि वे लोग कैंप टोला से अपने भाई को स्टेशन छोड़ने जा रहे थे।
इधर, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।