पटना। अनुष्का यादव की बेटी 'उज्जैनी' ने अपना पहला महीना पूरा कर लिया है। इस मौके पर परिवार में पूजा-पाठ और हवन का आयोजन किया गया। अनुष्का के भाई आकाश यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा कि बाबा महाकाल, मां हरसिद्धि और मां गढ़कालिका की कृपा से उज्जैनी ने एक महीना पूरा किया है। इस शुभ अवसर पर परिवार के साथ विशेष पूजा और हवन कर बच्ची के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की गई। सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है। लोग बच्ची को आशीर्वाद देने के साथ-साथ पूरे विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट से फिर चर्चा तेज
आकाश यादव के पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया। इससे पहले भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की थी।
उस तस्वीर में उन्होंने नवजात बच्ची का हाथ अपनी उंगलियों से पकड़ा हुआ दिखाया था। उस पोस्ट के बाद भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
अब उज्जैनी के एक महीने पूरे होने पर साझा की गई तस्वीरों ने विवाद को फिर हवा दे दी है। लोग इस पूरे मामले पर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं।
5 फरवरी को हुआ था उज्जैनी का जन्म
अनुष्का यादव ने 5 फरवरी को बेटी को जन्म दिया था। इसके कुछ ही दिनों बाद बच्ची के पिता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कई जगहों पर यह दावा किया जाने लगा कि बच्ची के पिता राजद नेता तेजप्रताप यादव हैं।
मामला तेजी से सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में फैल गया। इस चर्चा ने धीरे-धीरे बड़ा विवाद का रूप ले लिया। जिसके बाद तेजप्रताप यादव को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
तेजप्रताप ने बताया साजिश
तेजप्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा कि अनुष्का की बेटी से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इस खबर को पूरी तरह झूठा और साजिश बताया।
तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मिलकर उनका नाम इस मामले में घसीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
तेजप्रताप ने यह भी दावा किया कि कुछ लोगों ने मिलकर उन्हें फंसाने की योजना बनाई है। उनका कहना था कि सच्चाई जल्द सामने आ जाएगी।
आकाश यादव का सख्त संदेश
इधर, अनुष्का के भाई आकाश यादव पहली बार खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनके घर में लक्ष्मी आई है और पूरा परिवार बेहद खुश है।
आकाश ने कहा कि यह मामला अनुष्का यादव और तेजप्रताप यादव के बीच का है। उन्होंने यह भी कहा कि तेजप्रताप ने जो बयान दिया, उसे वह परिवार का हिस्सा मानते हुए नजरअंदाज कर देते हैं।
लेकिन कोई और व्यक्ति इस मामले में टिप्पणी करेगा तो वह सहन नहीं करेंगे। परिवार की गरिमा पर सवाल उठाने वालों को कड़ा जवाब दिया जाएगा।
'तेजप्रताप के अलावा कोई बोलेगा तो नहीं छोड़ेंगे'
आकाश यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उनकी बहन पर उंगली उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि तेजप्रताप यादव ने जो कहा, वह उनका निजी मामला है।
लेकिन अगर कोई तीसरा व्यक्ति इस मुद्दे को उछालेगा तो वह चुप नहीं बैठेंगे। आकाश ने कहा कि परिवार की इज्जत से कोई खिलवाड़ करेगा तो कड़ी प्रतिक्रिया दी जाएगी।
उनके इस बयान के बाद मामला एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। पूजा-हवन के बीच दिया गया यह बयान अब नई बहस को जन्म दे रहा है।