हेडलाइन:
मधेपुरा में दर्दनाक हादसा: अरार पुल से नदी में गिरी कार, तीन की मौत, एक लापता
खबर:
बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। सभी युवक ग्वालपाड़ा से मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे और रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे।
बताया जा रहा है कि देर रात लगभग एक बजे अरार पुल के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही अरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने तीन शवों को नदी से बाहर निकाला, जबकि चौथे व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है। मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी घनश्याम कुमार (28), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र निवासी अंकित कुमार (26) और सौर बाजार थाना क्षेत्र निवासी वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, लापता व्यक्ति की तलाश के लिए प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।