हेडलाइन:
मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों का शैक्षणिक परिभ्रमण दल रवाना, मुखिया ने दिखाया हरी झंडी
पप्पू मेहता की रिपोर्ट:
मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड की भान टेकती पंचायत स्थित आदर्श मध्य विद्यालय भान के छात्रों का दल मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना 2025-26 के तहत शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए रवाना किया गया। परिभ्रमण दल को पंचायत के मुखिया विकास कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयकृष्ण राम, विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष रामप्रवेश कुमार तथा सचिव प्रतिनिधि विजय कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मुखिया विकास कुमार ने कहा कि शैक्षणिक परिभ्रमण योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत छात्रों को विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाता है, जिससे उनके ज्ञान और मानसिक विकास में वृद्धि होती है।
प्रधानाध्यापक जयकृष्ण राम ने बताया कि परिभ्रमण के दौरान बच्चों को गणपतगंज स्थित विष्णु मंदिर, कटेया पावर हाउस, कोशी बैरेज समेत कई दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इन स्थलों के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से भी छात्रों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके ज्ञान में भी वृद्धि होती है।
परिभ्रमण दल के साथ शिक्षक आशीष कुमार, मधु कुमारी, कविता कुमारी, समरजीत कुमार सिंह, अमित कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।