हेडलाइन:
👉 सुरसर नदी हादसा: डूबी कार से लापता चौथे युवक का शव बरामद, चारों की मौत से पसरा मातम
मधेपुरा।
जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड स्थित अरार घाट पुल के नीचे सुरसर नदी में गिरी कार के चौथे लापता युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से युवक की तलाश पिछले दो दिनों से जारी थी।
रविवार सुबह करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे ग्रामीणों ने शव को पानी में उपलाता देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नाव की मदद से शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान जयपालपट्टी वार्ड-15 निवासी सागर कुमार (25) के रूप में हुई है। शव अरार पुल से करीब एक किलोमीटर दूर छपरिया वासा वार्ड-11 के पीछे नदी के मोड़ के पास मिला।
नाव की मदद से निकाला गया शव
ग्रामीणों ने सुबह करीब 9 बजे नाव के सहारे शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे रखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया गया कि शनिवार को SDRF की टीम ने पूरे दिन सागर कुमार की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इससे पहले शनिवार को ही कार सवार तीन अन्य युवकों के शव बरामद कर लिए गए थे।
मृतकों में भीरखी वार्ड-23 निवासी घनश्याम कुमार, सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार और सौर बाजार थाना क्षेत्र के परसाही निवासी बसंत कुमार शामिल हैं।
30 फीट नीचे नदी में गिरी थी कार
यह हादसा शुक्रवार रात का है, जब चारों युवक ग्वालपाड़ा में मेला देखकर लौट रहे थे। अरार घाट पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दो पुराने टेलीफोन खंभों को तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे सुरसर नदी में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और विंडो ग्लास टूट गया। इसी कारण दो युवक नदी में बह गए, जबकि दो के शव कार से बरामद किए गए।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।