Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:शिक्षक-शिक्षिका के कथित प्रेम प्रसंग पर बवाल: ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला, सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 10, 2026

MADHEPURA:शिक्षक-शिक्षिका के कथित प्रेम प्रसंग पर बवाल: ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला, सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग

हेडलाइन:
मधेपुरा में शिक्षक-शिक्षिका के कथित प्रेम प्रसंग पर बवाल: ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला, सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग

Madhepura News: मधेपुरा जिले के बिहारीगंज प्रखंड स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय सरौनी मुस्लिम टोला में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक शिक्षक और शिक्षिका के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए. नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और विरोध में सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक मो. इकबाल और शिक्षिका बीबी रूकसाना के बीच चल रहे कथित संबंध के कारण स्कूल की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और इसका गलत असर बच्चों पर पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर रविवार को भी गांव के लोग विद्यालय पहुंचे थे और दोनों शिक्षकों को हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया था. हालांकि उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद सोमवार की सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना था कि जब तक दोनों शिक्षकों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक स्कूल नहीं खुलने दिया जाएगा.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम खत्म कराया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका. इसके करीब दो घंटे बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) परमानंद पंडित भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया. बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद विद्यालय का ताला खुलवाया गया और पठन-पाठन फिर से शुरू कराया गया.

बीडीओ परमानंद पंडित ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तत्काल प्रभाव से दोनों शिक्षक-शिक्षिका को इस विद्यालय से हटाकर दूसरे विद्यालय में पदस्थापित किया जाएगा. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हो सकी.