हेडलाइन:
सहरसा में BA छात्र ने लॉज के कमरे में फंदे से लटककर दी जान, खिड़की से झांकते ही मकान मालिक के उड़े होश
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक छात्र ने लॉज के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मधेपुरा के टीपी कॉलेज का था छात्र
मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के घेलाढ़ थाना क्षेत्र के रतनपुरा (वार्ड-13) निवासी हरिश्चंद्र शर्मा उर्फ छोटू के 19 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रशांत टी.पी. कॉलेज मधेपुरा में बीए पार्ट-3 का छात्र था। वह पिछले पांच महीने से सहरसा के वार्ड नंबर-18 स्थित संत नगर मोहल्ले में मोहन साह के स्टूडेंट लॉज में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। प्रशांत अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
खिड़की से झांककर देखी लाश
मृतक के चचेरे भाई मिथुन कुमार के अनुसार, सुबह लॉज के मकान मालिक ने फोन कर बताया कि प्रशांत के कमरे का दरवाजा काफी देर से नहीं खुल रहा है। अनहोनी की आशंका होने पर जब मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो प्रशांत फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
एफएसएल टीम की मौजूदगी में तोड़ा गया दरवाजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम की मौजूदगी में बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर गई और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस कर रही जांच
मामले में सहरसा सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पढ़ाई के तनाव समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।