हेडलाइन:
समृद्धि यात्रा में ड्यूटी कर रहे SI की मौत: मधेपुरा में तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में तोड़ा दम
खबर:
मधेपुरा में 10 मार्च को मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान SI कौलेश्वर सिंह (55) के रूप में हुई है। वे जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के मिसरबीघा गांव के निवासी थे और वर्तमान में उदाकिशुनगंज थाना में पदस्थापित थे।
बताया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनकी ड्यूटी काफिले की वार्निंग ड्यूटी में लगी थी। मंगलवार देर रात करीब 11:35 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद विश्राम के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बेचैनी महसूस होने पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा ले जाया गया।
हार्ट और ब्लड प्रेशर के मरीज थे
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि SI कौलेश्वर सिंह पहले से हार्ट डिजीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीज थे। वे करीब दो साल से उदाकिशुनगंज थाना में कार्यरत थे।
पुलिस विभाग में शोक का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय DSP रवि भूषण सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि SI की ड्यूटी मुख्यमंत्री के काफिले में लगी थी। परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।