Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: 3 गिरफ्तार, 102 ग्राम स्मैक व 31 बोतल कोरेक्स बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 30, 2026

MADHEPURA:नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: 3 गिरफ्तार, 102 ग्राम स्मैक व 31 बोतल कोरेक्स बरामद

# कुमारखंड में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: 3 गिरफ्तार, 102 ग्राम स्मैक व 31 बोतल कोरेक्स बरामद

मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 102 ग्राम स्मैक और 31 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स बरामद किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपए आंकी गई है।

मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ सोमवार दोपहर तीन बजे थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, एसआई मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यदुआपट्टी गांव स्थित यात्री शेड के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवारों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में यदुआपट्टी निवासी अमित कुमार के पास से 96 ग्राम और सुशील कुमार ऋषिदेव के पास से 6 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 102 ग्राम स्मैक जब्त करते हुए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनके पास से दो बाइक और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पीटीसी अनोज कुमार गश्त के दौरान गुड़िया गांव स्थित पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बोरे से 100-100 एमएल की 31 बोतल कोरेक्स (कुल 3 लीटर 100 एमएल) बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान कुमारखंड वार्ड संख्या 4 निवासी राजा कुमार के रूप में की गई है।

थाना प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार तीनों तस्करों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।