हेडलाइन:
सुपौल में इकोस्पोर्ट से 1432 बोतल शराब जब्त, पीछा के दौरान टायर ब्लास्ट; तस्कर फरार
खबर:
सुपौल में उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग ने एक इकोस्पोर्ट कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहे। फिलहाल जब्त शराब के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक इकोस्पोर्ट कार के जरिए शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है, जिसे अररिया के रास्ते मधेपुरा पहुंचाया जाना था। सूचना मिलते ही टीम ने कई स्थानों पर नाकेबंदी की, लेकिन तस्कर पुलिस को चकमा देते हुए पिपरा तक पहुंच गए।
इसी दौरान पिपरा से सुपौल की ओर तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध कार को देखकर टीम ने पीछा शुरू किया। लिटियाही के पास एनएच-327ई पर भागने के दौरान तस्करों की कार ने उत्पाद विभाग की गाड़ी में टक्कर मार दी और पुल से जा टकराई, जिससे कार का अगला टायर ब्लास्ट हो गया। मौके का फायदा उठाकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त वाहन को उत्पाद कार्यालय लाकर जांच की गई, जिसमें कुल 1,432 बोतल शराब मिली। इसकी कुल मात्रा 404.36 लीटर है, जिसमें करीब 324 लीटर विदेशी शराब और 80 लीटर बीयर शामिल है।
बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस, रॉयल स्टैग, बडवाइजर और हेवर्ड्स जैसे ब्रांड शामिल हैं।
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि वाहन के मालिक और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।