Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बेगूसराय के सदर अस्पताल में लापरवाही की हद! पोस्टमार्टम रूम से लाश का पैर उठा ले गया कुत्ता - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 25, 2026

BIHAR:बेगूसराय के सदर अस्पताल में लापरवाही की हद! पोस्टमार्टम रूम से लाश का पैर उठा ले गया कुत्ता

बिहार के बेगूसराय में सदर अस्पताल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम से एक आवारा कुत्ता किसी इंसानी लाश का पैर मुंह में दबाकर भाग रहा था. हालांकि, लोगों ने किसी तरह उस कुत्ते से शव के हिस्से को छुड़ाया.इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. अब लोग अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.

बेगूसराय सदर अस्पताल में दूर-दराज के इलाकों से लोग इलाज के लिए आते हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से भगवान भरोसे चल रही है. पोस्टमार्टम रूम जैसे संवेदनशील स्थान पर भी कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं होना बेहद गंभीर बात है. वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कुत्ता पोस्टमार्टम रूम से शव का हिस्सा लेकर बाहर निकल रहा है.

स्थानीय लोगों में नाराजगी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब उन्होंने कुत्ते को शव का हिस्सा ले जाते देखा तो तुरंत उसे दौड़कर पकड़ा और किसी तरह उसे छुड़ाया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों में गुस्सा साफ झलक रहा था और वे अस्पताल प्रबंधन को कोसते नजर आए. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं.

क्या बोले सिविल सर्जन?

इस मामले पर जब सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है. मामले की जांच कराई जाएगी और उसके बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह शव किसका था और किस परिस्थिति में उसका यह हाल हुआ.

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह घटना न केवल अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाती है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की बदहाल स्थिति को भी उजागर करती है. जरूरत है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.