Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:इराक में मिसाइल हमले में बिहार के मरीन इंजीनियर की मौत, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 13, 2026

BIHAR:इराक में मिसाइल हमले में बिहार के मरीन इंजीनियर की मौत, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार

Iran-Israel War: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बिहार के भागलपुर जिले के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. कहलगांव के रानी बमियां गांव निवासी देवनंदन प्रसाद सिंह की मिसाइल हमले में मौत हो गई. वह एक अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी में एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त वह ‘सेफसी विष्णु’ नामक ऑयल टैंकर पर ड्यूटी कर रहे थे.


यह जहाज इराक के बसरा बंदरगाह से निकलकर फुजैराह होते हुए सिंगापुर की ओर जा रहा था. यह टैंकर मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत संचालित हो रहा था. बताया जा रहा है कि जहाज की आखिरी लोकेशन बसरा के पास दर्ज की गई थी.

अचानक हुआ मिसाइल हमला

बुधवार की रात इलाके में तनाव के बीच अचानक जहाज पर मिसाइल हमला हो गया. इस हमले में देवनंदन प्रसाद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना की पुष्टि संबंधित शिपिंग कंपनी ने भी कर दी है. घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

गांव में पसरा मातम

जैसे ही यह खबर रानी बमियां गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी, भाई और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं. गांव के लोग भी इस घटना से काफी दुखी हैं.

दिल्ली रवाना हुए परिजन

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक की पत्नी और उनका भाई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. परिवार के लोग सरकार से मदद की अपील कर रहे हैं. परिवार का कहना है कि किसी भी तरह उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार से पहले वे उनका अंतिम दर्शन कर सकें.

गांव को था इंजीनियर पर गर्व

देवनंदन प्रसाद सिंह समुद्र में काम करते हुए देश का नाम रोशन कर रहे थे. गांव के लोग उन्हें एक मेहनती और ईमानदार इंजीनियर के रूप में जानते थे. अब पूरा गांव यही इंतजार कर रहा है कि उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचे. यह घटना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा बन गई है.