हेडलाइन:
नवादा में दर्दनाक हादसा: पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव के बेटे अखिलेश की मौत, मां विधायक विभा देवी सदमे में बेहोश
नवादा। जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व राज्यमंत्री के छोटे बेटे अखिलेश कुमार यादव की मौत हो गई। वह जदयू विधायक के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव अपने घर से गाड़ी लेकर निकले थे। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर उनकी थार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक का शव पटना से उनके पैतृक आवास पथर इंग्लिश लाया गया। बेटे का शव देखते ही विधायक विभा देवी फूट-फूटकर रोने लगीं और बेहोश हो गईं। इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
अखिलेश यादव नवादा में पेट्रोल पंप का संचालन करते थे और राजनीति से दूर रहते थे, हालांकि सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते थे। उन्हें मिलनसार स्वभाव के लिए जाना जाता था।
शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके 14 वर्षीय बड़े बेटे रचित ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और शोक व्यक्त किया।