Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:अपहरण’ का मामला उलझा: नाबालिग छात्रा का वीडियो वायरल, बोली- प्रेम प्रसंग में खुद घर छोड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 20, 2026

BIHAR:अपहरण’ का मामला उलझा: नाबालिग छात्रा का वीडियो वायरल, बोली- प्रेम प्रसंग में खुद घर छोड़ा

मुजफ्फरपुर में ‘अपहरण’ का मामला उलझा: नाबालिग छात्रा का वीडियो वायरल, बोली- प्रेम प्रसंग में खुद घर छोड़ा

मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र से अपहरण की शिकायत के बाद एक नाबालिग छात्रा का वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में छात्रा ने दावा किया है कि उसका अपहरण नहीं हुआ, बल्कि वह प्रेम प्रसंग के चलते अपनी मर्जी से घर से गई है।

वीडियो में छात्रा खुद को बालिग बताते हुए पुलिस प्रशासन और अपने माता-पिता से अपील करती दिख रही है कि उसके प्रेमी विवेक कुमार और उसके परिजनों के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। हालांकि, वीडियो में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह इस समय कहां है।

गौरतलब है कि इससे पहले छात्रा की मां ने थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, उनकी बेटी 12 मार्च को कफेन बाजार सामान खरीदने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला और मोबाइल फोन भी बंद मिला, तब उन्होंने पुलिस में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।

मां के बयान पर पुलिस ने सहबाजपुर गांव के विवेक कुमार, बिक्रम कुमार समेत 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।

गरहां थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और छात्रा की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।