हेडलाइन:
बहादुरगंज में 180 लीटर विदेशी शराब बरामद, टेम्पो छोड़ फरार हुए तस्कर
बहादुरगंज। किशनगंज जिले के बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग एनएच-327E पर बहादुरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग टेम्पो वाहनों से करीब 180 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार होने में सफल रहे।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि गुरुवार अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज-पौवाखाली मार्ग होकर टेम्पो में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर दारूलउलूम चौक के समीप एनएच-327E पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रहे दो टेम्पो के चालकों ने पुलिस जांच देखकर वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने जब दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की करीब 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों टेम्पो को जब्त कर लिया है और वाहन मालिकों की पहचान के साथ तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी बहादुरगंज पुलिस ने लोहागड़ा के समीप वाहन जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन से 302 लीटर अवैध शराब बरामद की थी। लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।