पार्टी और परिवार से दूरी के बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर राबड़ी आवास पहुंचे।
वह अपनी भतीजी कात्यायनी के जन्मदिन के मौके पर पहुंचे और उसे खास गिफ्ट भी दिया। तेज प्रताप ने इस पल की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।
तस्वीर के साथ उन्होंने भावुक संदेश लिखा- ‘बड़े पापा की लाडली बेटी, घर की सबसे प्यारी सी रानी होती है। I love you so much baby’।
यह तस्वीर राबड़ी आवास की बताई जा रही है, जिसमें पीछे लालू प्रसाद यादव भी बैठे नजर आ रहे हैं।
भतीजे इराज संग इमोशनल वीडियो भी किया था पोस्ट
इससे एक दिन पहले, तेज प्रताप यादव का एक भावुक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में वह अपने भतीजे और तेजस्वी यादव के बेटे इराज के साथ खेलते नजर आ रहे थे।
करीब 2 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो में चाचा-भतीजे की मजबूत बॉन्डिंग साफ दिखी।
एनिमल का गाना- पापा मेरी जान बैकग्राउंड में लगाया
तेज प्रताप ने वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म 'एनिमल' का चर्चित गाना 'पापा मेरी जान' और फिल्म 'सूर्यवंशम' के इमोशनल गानों का लगाया है।
इन गानों के जरिए उन्होंने पिता-पुत्र और परिवार के अटूट रिश्तों की भावनाओं को दिखाने की कोशिश किया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे 'पारिवारिक एकजुटता' का संदेश मान रहे हैं।
तेजप्रताप ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- बेटा पापा का गर्व होता है, पापा बेटे की सबसे बड़ी ताकत। तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में तेजस्वी को भी टैग किया है।