मुजफ्फरपुर में पुलिस-ग्रामीण टकराव के बाद बवाल: 36 घंटे तक 20 घरों में नहीं जला चूल्हा, दरोगा की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई जगतवीर राय की मौत के बाद गांव में गहरा आक्रोश और मातम पसरा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि पिछले 36 घंटे से करीब 20 घरों में चूल्हा तक नहीं जला। परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर शव के साथ धरने पर बैठे रहे और आरोपी थानेदार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
मृतक के पिता गरीबनाथ राय और परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर शव के पास बैठे रहे। परिजनों का कहना था कि जब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा और न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगे। मृतक के भाई रामसागर राय ने बताया कि “शव दरवाजे पर है, ऐसे में खाना कैसे खा सकते हैं।” वहीं मनोज राय ने कहा कि लोग केवल शरबत और पानी के सहारे बैठे हैं।
गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मृतक के घर के बाहर जुटे रहे और लगातार इंसाफ की मांग करते रहे। भूख-प्यास की परवाह किए बिना सभी का एक ही नारा था—जगतवीर राय को न्याय मिले।
पप्पू यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस बीच पूर्णिया के सांसद गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लोकसभा में उठाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो मुजफ्फरपुर से पटना तक आंदोलन किया जाएगा।
काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इसके बाद गुरुवार दोपहर में ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
क्या है पूरा मामला
घटना गायघाट थाना क्षेत्र के असिया गांव की है। मंगलवार देर रात पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची थी। आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने बचाव में हवाई फायरिंग की। वहीं ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी की गई। इसी दौरान जगतवीर राय को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस का पक्ष
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में गायघाट थानेदार समेत दो जवान घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की थी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से भी फायरिंग हुई, जिसमें करीब 60 वर्षीय जगतवीर राय को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं पूर्व विधायक निरंजन राय और पारू विधायक शंकर यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।