ज्वेलरी शॉप से 25 लाख लूटने वाले अपराधियों का एनकाउंटर: सीवान में हाईवे पर मुठभेड़, पुलिस की गोली से दोनों घायल
सीवान | जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हाईवे पर जोरदार मुठभेड़ हुई। ज्वेलरी शॉप से 25 लाख की लूट में शामिल दो अपराधियों को पुलिस ने पीछा कर गोली मार दी। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
घायल अपराधियों की पहचान रोहित कुमार शर्मा (25) और रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु (19) के रूप में हुई है। दोनों पर हाल ही में हुए अरुण ज्वेलर्स और मनमोहित ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल होने का आरोप है।
हाईवे पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
घटना सीवान-पटना हाईवे पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो बदमाश हथियार के साथ बाइक से पटना की ओर जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने देर रात वाहन जांच अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर दूर ही रुक गए और फिर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर करीब 4 राउंड फायरिंग कर दी।
खेत में भागे, पुलिस ने दौड़ाकर मारी गोली
पुलिस से घिरता देख दोनों बदमाश बाइक छोड़कर खेत की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा और जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों के पैर में गोली लगी और वे गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घायलों को पहले सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
9 मार्च को ज्वेलरी शॉप में हुई थी 25 लाख की लूट
बताया जा रहा है कि 9 मार्च को बसंतपुर बाजार स्थित अरुण ज्वेलर्स में दिनदहाड़े 6 बदमाशों ने गन पॉइंट पर करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। सभी अपराधी बाइक से पहुंचे थे और करीब 20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
दुकान मालिक अरविंद सोनी के अनुसार बदमाश हथियार के बल पर ग्राहकों को धमकाते हुए पूरी अलमारी खाली कर ले गए।
घटना के बाद लोगों ने किया था सड़क जाम
लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। लोगों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी।
अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं तार
एसपी के मुताबिक रोहित कुमार शर्मा अंतरराज्यीय लूटकांडों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बसंतपुर, खोड़ी पाकड़, बगोरा से लेकर हैदराबाद तक के मामलों की जानकारी सामने आई है। वहीं रोहित कुशवाहा भी हालिया लूटकांड में सक्रिय रूप से शामिल था।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।