हेडलाईन:
पटना में ‘शराबबंदी’ की धज्जियां! स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल
खबर:
बिहार में भले ही शराबबंदी लागू हो, लेकिन राज्य में शराब की तस्करी और अधिकारियों-कर्मियों द्वारा शराब सेवन की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। अब राजधानी पटना से एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें राज्य के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर शराब पार्टी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो होली के आसपास का है। वायरल वीडियो में कुछ लोग टेबल के आसपास बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके हाथों में गिलास है, जिसमें शराब जैसा पेय नजर आ रहा है। टेबल के नीचे शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है, जबकि टेबल पर सिगरेट के डिब्बे और प्लेट में चखना रखा हुआ है। वीडियो में मौजूद लोग बड़े आराम से पेय का आनंद लेते दिख रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहे एक व्यक्ति के बारे में दावा किया जा रहा है कि वे जिला स्वास्थ्य समिति पटना के जिला मूल्यांकन पदाधिकारी भानू शर्मा हैं। वहीं दूसरे व्यक्ति को जिला स्वास्थ्य समिति पटना में डाटा ऑपरेटर मनिन्द्र कुमार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह शराब पार्टी आर.पी.एस मोड़, पटना के पास आयोजित की गई थी।
एक ओर जहां बिहार सरकार शराबबंदी को लेकर सख्ती और बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारियों पर ही शराबबंदी की धज्जियां उड़ाने के आरोप लग रहे हैं। हालांकि कोशी लाइव इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन राज्य में अक्सर ऐसे मामले सामने आते रहे हैं, जो शराबबंदी पर सवाल खड़े करते हैं।