Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:जिस दरोगा ने किया था सम्मानित, उसी ने फर्जी UPSC अभ्यर्थी रंजीत कुमार को किया गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 17, 2026

BIHAR:जिस दरोगा ने किया था सम्मानित, उसी ने फर्जी UPSC अभ्यर्थी रंजीत कुमार को किया गिरफ्तार

शेखपुरा। फर्जी तरीके से यूपीएससी में सफलता का दावा कर देशभर में चर्चा में आए युवक रंजीत यादव को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर यूपीएससी परीक्षा में 440वीं रैंक आने का झूठा दावा करने का आरोप है।


रंजीत यादव शेखपुरा जिले के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेवाडा प्रखंड के फतेहपुर गांव का निवासी है। उसने हाल ही में घोषित यूपीएससी परिणाम में खुद को सफल अभ्यर्थी बताते हुए 440वीं रैंक मिलने की बात फैलाई थी।

 
आरोपी रंजीत को थाने ले जाती पुलिस।
इस झूठे दावे के बाद इलाके में कई जगहों पर उसका सम्मान भी किया गया था। पूर्व विधायक विजय सम्राट, स्थानीय सरफराज मुखिया और महुली थाना अध्यक्ष राम प्रवेश भारती ने भी उसे सम्मानित करते हुए बधाई दी थी। उसके मोटिवेशनल भाषण देशभर में वायरल हो गए थे।


बाद में जब लोगों ने परिणाम की जांच की तो पता चला कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है और असली अभ्यर्थी कोई अन्य है। इसके बाद यह मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देश भर में चर्चा का विषय बन गया।

 
पुलिस ने आरोपी रंजीत को पकड़ा।

मामले के देश भर में वायरल होने के बाद पुलिस ने रंजीत यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी को शेखपुरा शहर के कॉलेज मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।