Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:छोटू मिश्रा हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, 3 बाइक, 2 लाख नकद और जैकेट बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 17, 2026

SAHARSA:छोटू मिश्रा हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, 3 बाइक, 2 लाख नकद और जैकेट बरामद

हेडलाइन:
छोटू मिश्रा हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, 3 बाइक, 2 लाख नकद और जैकेट बरामद

सहरसा:
सहरसा के बहुचर्चित सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें, दो लाख रुपये नकद और घटना के वक्त पहना गया जैकेट बरामद किया गया है। एसडीपीओ आलोक कुमार ने सोमवार रात इसकी जानकारी दी।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के तिवारी टोला, वार्ड नंबर 20 निवासी निर्भय कुमार तिवारी और पूरब बाजार एमएलटी कॉलेज, वार्ड नंबर 19/31 निवासी युग कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद जैकेट घटना के समय युग कुमार ने ही पहना था।

गौरतलब है कि यह हत्या 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे सदर थाना क्षेत्र के मीरा टॉकीज के पास हुई थी। बाइक सवार अपराधियों ने सतीश कुमार झा को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सूर्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के पिता के आवेदन पर 14 मार्च को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर महज 36 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया था।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।