हेडलाइन:
छोटू मिश्रा हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई जारी, दो और आरोपी बाइक के साथ गिरफ्तार; मुख्य अभियुक्त अब भी फरार
सहरसा:
सहरसा में चर्चित छोटू मिश्रा हत्याकांड मामले में पुलिस की छानबीन लगातार जारी है। शुक्रवार की देर शाम हुए इस निर्मम हत्याकांड का जिला पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर उद्भेदन कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर अपनी तत्परता दिखाई थी। वहीं अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने रविवार को भी कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो और आरोपियों को घटना में प्रयुक्त दो बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस मामले का मुख्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी हिमांशु ने घटना में संलिप्त पांच लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया था। शनिवार को पुलिस ने एक शूटर हटियागाछी वार्ड नंबर 20 निवासी घनश्याम ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार उर्फ मिट्ठू ठाकुर को सुपौल जिले से घटना में प्रयुक्त एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं दूसरे शूटर बनमा इटहरी थाना क्षेत्र के रसलपुर वार्ड नंबर 6 निवासी स्व. कालेश्वर शर्मा के पुत्र नवनीत कुमार उर्फ उदय को सदर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर से गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उसी दिन पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा। इनमें सदर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर वार्ड नंबर 19/31 निवासी अंजनी कुमार के पुत्र अभिनव कुमार, तिवारी टोला वार्ड नंबर 26 निवासी स्व. नरेश तिवारी के पुत्र राजा कुमार तिवारी तथा मिश्रा टोला तिवारी टोला वार्ड नंबर 26 निवासी संतोष कुमार मिश्रा के पुत्र सौरभ कुमार मिश्रा शामिल हैं।
इसी क्रम में आगे की जांच के दौरान रविवार रात पुलिस ने घटना में संलिप्त दो और आरोपियों तिवारी टोला वार्ड नंबर 20 निवासी अजय तिवारी के पुत्र निर्भय कुमार तिवारी तथा पूरब बाजार एमएलटी कॉलेज गेट वार्ड नंबर 19/31 निवासी स्व. अनिल कुमार मुन्ना के पुत्र युग कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद सोमवार को उनका मेडिकल कराकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले के मुख्य अभियुक्त समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।