Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:महिला सिपाही की संदिग्ध मौत: पति पर हत्या का आरोप, 4 साल पहले हुई थी शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 20, 2026

BIHAR:महिला सिपाही की संदिग्ध मौत: पति पर हत्या का आरोप, 4 साल पहले हुई थी शादी

मुजफ्फरपुर में महिला सिपाही की संदिग्ध मौत: पति पर हत्या का आरोप, 4 साल पहले हुई थी शादी

मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र में तैनात महिला सिपाही प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। उनका शव किराए के कमरे में मिला था। मामले में परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मृतका के भाई सुजीत कुमार (निवासी अभयपुर, लखीसराय) के आवेदन पर पुलिस ने प्रीति कुमारी के पति शिवशंकर कुमार, देवर सत्यम कुमार और सास बबिता देवी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि शिवशंकर कुमार ने गला दबाकर प्रीति की हत्या कर दी।

पति गिरफ्तार, कोर्ट से जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शरीर पर मिले जख्म के निशान

थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला के अनुसार, मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से जांच की जा रही है।

किराए के मकान में रहती थीं सिपाही

2022 बैच की सिपाही प्रीति कुमारी पारू थाना में कार्यरत थीं। वह थाना के बाहर एक किराए के मकान में अपने पति और छोटे बच्चे के साथ रहती थीं। उनकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी। घटना के बाद उनके छोटे बेटे को मायके वालों को सौंप दिया गया है।

घटना के दिन हुआ था पति-पत्नी में विवाद

स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रीति और उनके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने घटना का रूप लिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

हर पहलू पर जांच: एसएसपी

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। घरेलू विवाद की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।