Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पूर्णिया में 10 दिन से लापता छात्रा की जली लाश बरामद: गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप, NH-31 जाम कर आगजनी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 20, 2026

BIHAR:पूर्णिया में 10 दिन से लापता छात्रा की जली लाश बरामद: गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप, NH-31 जाम कर आगजनी

पूर्णिया में 10 दिन से लापता छात्रा की जली लाश बरामद: गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप, NH-31 जाम कर आगजनी

पूर्णिया | जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब 10 दिनों से लापता 10वीं की छात्रा का जला हुआ शव बरामद किया गया। शव NH-31 के पास एक बांस के खेत से मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया और फिर हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव को एसिड से जला दिया गया।

मां का आरोप—रेप के बाद हत्या कर जलाया शव

मृतका की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को 9 दिन पहले अगवा किया गया था। इसके बाद उसके साथ दरिंदगी की गई और गला दबाकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को तेजाब से जला दिया।

शव मिलने के बाद फूटा गुस्सा, हाईवे जाम

शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण NH-31 पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब 2 घंटे बाद पुलिस के समझाने पर जाम हटाया गया।

परिजनों का आरोप—पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

परिवार का कहना है कि छात्रा 10 मार्च से लापता थी और उसी दिन थाने में शिकायत दी गई थी। उन्होंने गांव के कुछ युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पुलिस सक्रिय रहती तो लड़की की जान बच सकती थी।

क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

पुलिस के अनुसार, शव पूरी तरह जला हुआ और सड़ी-गली हालत में मिला है। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और कीड़े लग चुके थे। पोस्टमार्टम के लिए शव को पूर्णिया GMCH भेजा गया है, जहां रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।

एक संदिग्ध हिरासत में, छापेमारी जारी

पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

विधायक ने बताया कानून-व्यवस्था की विफलता

स्थानीय विधायक सरवर आलम ने घटना की निंदा करते हुए इसे कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

इलाके में तनाव, पुलिस कैंप

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।