हेडलाइन:
जोकीहाट में एटीएम काटने वाला हरियाणा गैंग पकड़ा गया: 4 गिरफ्तार, गैस कटर-सिलिंडर व पिकअप वैन बरामद
खबर/अररिया
जोकीहाट. जोकीहाट थाना पुलिस ने एटीएम काटकर चोरी करने वाले हरियाणा के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक पिकअप वैन, दो गैस सिलिंडर, गैस कटर समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि गुरुवार की देर रात जहानपुर चौक स्थित एटीएम के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी बोलेरो पिकअप वैन (एचआर 74 बी6-6310) को देखकर गश्ती पुलिस को शक हुआ। पुलिस जब एटीएम के पास पहुंची तो एक बदमाश मंदिर के पीछे से भाग निकला, जबकि कुछ लोग एटीएम के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने चार लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरफराज (46) पिता मो. वसीर, जुबैर पिता यूनुस, साबिर (20) पिता उमर मोहम्मद, तीनों थाना पुन्हाना जिला नूंह तथा रियाज मोहम्मद (35) पिता मो. रूद्दार, थाना हातिन जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं पांचवां आरोपित मो. वकील पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बिहार के विभिन्न जिलों में घूमकर एटीएम काटने का काम करते थे। सभी जोकीहाट थाना क्षेत्र के थपकोल गांव में शाहिद नामक व्यक्ति के घर किरायेदार बनकर रहते थे। शाहिद और जिकरूल (वार्ड संख्या 12, पंचायत मटियारी) भी इनका सहयोग करते थे।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर थपकोल गांव स्थित किराये के मकान से गैस कटर मशीन, एक लंबा सिलिंडर, एक छोटा गोल सिलिंडर, गैस पाइप और लोहे का सरिया बरामद किया है।
पूछताछ में गिरोह ने यह भी खुलासा किया कि जब एटीएम काटने में सफल नहीं होते थे तो रास्ते में मिलने वाले आवारा मवेशियों को पिकअप में लादकर चोरी कर लेते थे और कम कीमत पर शाहिद व जिकरूल को बेच देते थे। दो दिन पहले मधुबनी जिले के फुलपरास में भी एटीएम काटने की कोशिश की थी, लेकिन चौकीदार के जाग जाने से भागना पड़ा। वहीं सुपौल के सिमराही बाजार से दो मवेशी चोरी कर एक शाहिद और दूसरा जिकरूल को बेचने की बात भी स्वीकार की है।
फिलहाल शाहिद और जिकरूल फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। हरियाणा के एटीएम काटने वाले गिरोह की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप मच गया है।