हेडलाइन:
भागलपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8040 कोडीन सिरप और 21 हजार टैबलेट बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
भागलपुर: बिहार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भागलपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ईशाकचक थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित दिलकश रमीज के दूसरे घर में बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन किया।
गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ईशाकचक थाना क्षेत्र के इस्लामनगर में दिलकश रमीज के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर में छिपाकर रखे गए 8040 पीस कोडीन युक्त सिरप और 21,000 टेन टैबलेट बरामद किए गए।
मौके से पुलिस ने मो. फरहान (करामत अली लेन, थाना-ततारपुर, जिला-भागलपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं बरामद नशीली दवाओं के नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।