Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फील्ड ऑफिसर 30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, अनुदान दिलाने के नाम पर मांग रहा था पैसे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 13, 2026

BIHAR:फील्ड ऑफिसर 30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, अनुदान दिलाने के नाम पर मांग रहा था पैसे

पश्चिम चंपारण के बेतिया में विजिलेंस डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है। डिस्ट्रिक्ट डेयरी डेवलपमेंट ऑफिस के फील्ड ऑफिसर अनुराग कुमार को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई गुरुवार को निगरानी विभाग की विशेष टीम ने की।


गौनाहा प्रखंड निवासी बबलू कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गाय खरीद योजना के तहत मिलने वाले सरकारी अनुदान की स्वीकृति के लिए फील्ड ऑफिसर अनुराग कुमार उनसे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए गए।

पटना से पहुंची निगरानी टीम ने जाल बिछाया

इसके बाद पटना से पहुंची निगरानी टीम ने जाल बिछाया। बबलू कुमार को आरोपी अधिकारी को रिश्वत की राशि देने के लिए कहा गया। जैसे ही बबलू कुमार ने अनुराग कुमार को 30 हजार रुपये दिए, निगरानी टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। टीम को देखते ही अनुराग कुमार भागकर पास के एक मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए और वहां एक कमरे में रखे तोशक के नीचे रिश्वत की रकम छिपा दी।

केमिकल लगे हाथों के आधार पर करतूत का खुलासा

हालांकि, निगरानी टीम ने केमिकल लगे हाथों के आधार पर उनकी करतूत का खुलासा कर दिया। घर में मौजूद एक बच्चे ने भी टीम को पैसे छिपाने की जानकारी दी, जिसके बाद तोशक के नीचे से 30 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। निगरानी विभाग आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।