वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए सशस्त्र सीमा बल एसएसबी की 45 वीं वाहिनी वीरपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 108 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
तस्करी में प्रयुक्त दो मादा खच्चरों को भी जब्त किया गया है। बरामद शराब और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कार्रवाई के लिए कुनौली पुलिस को सौंप दिया गया है। जानकारी अनुसार एसएसबी की सीमा चौकी कुनौली के जवान भारत-नेपाल सीमा पर कोसी क्षेत्र के पलार वाले मार्ग पर ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान नेपाल की ओर से एक व्यक्ति दो खच्चरों पर सामान लादकर भारतीय सीमा की ओर आते दिखाई दिया। जवानों को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।
कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सीमा चौकी कुनौली के क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश हो सकती है। सूचना के आधार पर जवानों की विशेष टीम बनाकर पलार मार्ग पर तैनात किया गया था। गश्ती दल द्वारा रोके जाने पर व्यक्ति ने अपनी पहचान लक्ष्मण मुखिया के रूप में बताई, जो नेपाल के सप्तरी जिले के ढलवा गांव का रहने वाला है।
नेपाली शराब ब्रांड हुई बरामद
जब खच्चरों पर लदे सामान की तलाशी ली गई तो उसमें से नेपाली शराब दिलवाले ब्रांड की कुल 108 लीटर शराब बरामद हुई। इसके बाद तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसबी ने बरामद शराब, दोनों खच्चरों और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में आगे की कार्रवाई के लिए सभी को कुनौली थाना, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया