मोतिहारी में फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र कांड: चौकीदार गिरफ्तार, 22 केस वाले प्रमुख पति फरार
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी चौकीदार मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस फर्जीवाड़े का लाभ लेने वाले प्रमुख पति नाज अहमद खान की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, नाज अहमद खान ने हथियार लाइसेंस के लिए चरित्र प्रमाण पत्र हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि चौकीदार मनोज सिंह ने अवैध तरीके से थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिसमें आवेदक को बेदाग बताया गया।
जांच में खुला बड़ा राज
जब प्रमाण पत्र की जांच की गई, तो पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि नाज अहमद खान के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिना सत्यापन साफ-सुथरा प्रमाण पत्र जारी होना संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद गहन जांच में चौकीदार की संलिप्तता सामने आई।
पूछताछ के दौरान मनोज सिंह ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी में आरोपी फरार
पुलिस जब नाज अहमद खान की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची, तो वह फरार हो गया। इस दौरान घर पर मौजूद महिलाओं द्वारा महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की भी सूचना मिली। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर कार्रवाई जारी रखी।
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने फरार आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और 48 घंटे के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।